mp news

मप्र में सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी

भोपाल, 23 जुलाई (हि.स.)। भोपाल में आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रविवार को मध्य प्रदेश के प्रभारी और दिल्ली से आप के विधायक बीएस जून ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी की विधानसभा चुनाव की रणनीति और गतिविधियों को लेकर बातचीत की।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी बीएस जून ने कहा कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी पूरी मुस्तैदी से चुनाव की तैयारी में जुटी है। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर हम चुनाव लड़ेंगे और चुनाव जीतेंगे। प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही प्रत्याशियों के नामों की लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी। प्रत्याशी चयन में सिर्फ सर्वे ही टिकट का क्राइटेरिया होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के हर जिले में हम परिवर्तन यात्रा निकाल रहे हैं। 4 अगस्त को परिवर्तन यात्रा का समापन होगा। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दौरान लोगों का आम आदमी पार्टी के प्रति एक जुड़ाव दिख रहा है और हमें अपार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस का विकल्प चाहती है और आम आदमी पार्टी उसे विकल्प के तौर पर दिख रही है। वहीं उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हम बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल है। प्रदेश में भ्रष्टाचार के हर रोज नए-नए मामलों का खुलासा हो रहा है। बच्चों की ड्रेस में घोटाला, पोषण आहार में घोटाला, महाकाल लोक निर्माण में घोटाला, पटवारी भर्ती परीक्षा में घोटाला। भाजपा के राज में मध्य प्रदेश घोटालों का प्रदेश बन गया है। बीएस जून ने कहा कि पटवारी भर्ती परीक्षा व्यापम से भी बड़ा घोटाला है। पटवारी भर्ती में भाजपा विधायक के कॉलेज से 114 अभ्यर्थी पास हो गए, जिसमें से 7 टॉप टेन में हैं। हैरानी की बात ये है कि जौरा में 21 में से 16 सफल अभ्यर्थियों को एक जैसी ही कान से सुनने की समस्या है और सब के सब एक ही जाति के हैं। उन्होंने कहा कि मामले की सीबीआई जांच करानी चाहिए और सरकार इस भर्ती को रद्द करे। आप के प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से खत्म है। सरकार का अफसरों और प्रशासनिक तंत्र से कंट्रोल खत्म हो गया है। पूरे प्रदेश में लगातार हर रोज बड़ी बड़ी क्राइम की घटनाएं हो रही हैं।

मणिपुर में प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए

बीएस जून ने कहा कि मणिपुर में जो हुआ वो बेहद ही शर्मसार करने वाला था। मणिपुर में 80 दिनों से लगातार हिंसा हो रही है। दो आदिवासी महिलाओं को नग्न कर घुमाया जाना बेहद ही शर्मनाक था। उन्होंने कहा कि मणिपुर में प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए और राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा / उमेद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button