Madhya Pradesh Congress: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। इस वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने सोमवार को बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। अदाणी मामले में सरकार की चुप्पी, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आयोजित राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत भोपाल में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।

कांग्रेस का दावा है इनकी संख्या 10 हजार से ज्यादा थी।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रंगमहल चौराहे पर रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स को गिराकर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने पानी की बौछारें मारी। जीतू पटवारी समेत 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। बैरिकेड्स पर गिरने से कुछ कार्यकर्ता घायल भी हुए।
इसके पहले सभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि छाती ठोंक कर कहिए 15 माह में हमने क्या किया। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी परीक्षा अगले छह माह आपकी निष्ठा की है। आपने 18 साल तक कांग्रेस का झंडा उठाया। निष्ठा ही आपको यहां लेकर आई है। आपने कमर कस ली तो कोई नहीं रोक सकता। आज प्रदेश की स्थिति सबके सामने है। किसान, व्यापारी सभी परेशान हैं। हमारी चिंता प्रदेश के भविष्य को लेकर है। हमें युवा पीढ़ी को अच्छी सरकार सौंपनी है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ दिल्ली में बैठक के चलते दिग्विजय सिंह व विवेक तन्खा प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ। कमल नाथ डेढ़ बजे पहुंचे। इसके बाद दो बजे राजभवन के घेराव के लिए रैली रवाना हुई।
किसने क्या कहा
Live : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के नेतृत्व में भोपाल के जवाहर चौक से राजभवन की ओर कूच। https://t.co/uydaK3fDf3
— MP Congress (@INCMP) March 13, 2023
किसने क्या कहा
जेपी अग्रवाल : कांग्रेस का हर कार्यकर्ता श्रेष्ठ है। वह किसी से डरता नहीं है। इन्हीं कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजों को मारकर भगा दिया था।
गोविंद सिंह : पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है। यह प्रदर्शन सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए है।
जीतू पटवारी : मुझे विधानसभा से निलंबित कर दिया, क्योंकि मैंने सरकारी पैसे से भाजपा कार्यालय में भोजन कराने, कर्ज लेकर हवाई जहाज खरीदने जैसे कई मुद्दे उठाए।
पीसी शर्मा : संसद में हमारे सांसदों और विधानसभा में विधायकों को बोलने नहीं दिया जाता। हमारी सरकार में सौ यूनिट का बिजली बिल सौ रुपये आता था, अब हजार रुपये आ रहा है।
अजय सिंह ‘राहुल” : झांसी की राानी के साथ गद्दारी करने वाले ने जनता द्वारा चुनी सरकार गिरा दी। हिम्मत है तो वह इस बार का विधानसभा चुनाव लड़ लें।
विभा पटेल : महिला अत्याचार के मामले में मध्य प्रदेश देश में नंबर एक पर है।