
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। जो भी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर मजबूत होगा, बूथ जोड़ो-यूथ जोड़ो कार्यक्रम के लक्ष्य को पूरा करेगा और सर्वे में नाम आएगा, उसे आगामी विधानसभा चुनाव का टिकट दिया जाएगा। इसके लिए युवा कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को नाम दिए जाएंगे। अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और हमारी प्राथमिकता कांग्रेस की सरकार बनाने की है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुट जाएंगे। इसी माह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश आ रही है। इसमें युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। यह बात युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भोपाल में शुक्रवार को कही।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस के यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो अभियान के को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसके पहले संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पार्टी में टिकट के लिए कोई कोटा सिस्टम नहीं है। जो कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम करेगा और उसका नाम सर्वे में आएगा, उसे टिकट दिया जाएगा। संगठन की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से इसके लिए आग्रह किया जाएगा। वैसे भी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे युवाओं को आगे बढ़ाने की बात कह चुके हैं। प्रदेश के 65 हजार मतदान केंद्र में से 28 हजार पर बूथ जोड़ो यूथ जोड़ो का काम पूरा हो चुका है। इनका सत्यापन भी करा लिया है। अगले तीन माह में यह काम पूरा करना है। इसके आधार पर उन युवा चेहरों की पहचान भी की जाएगी, जिनके नाम टिकट के लिए आगे बढ़ाए जा सकते हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन लाएगी। अभी तक आमजन का इसे जो समर्थन मिल रहा है, उससे अच्छा मध्य प्रदेश में मिलेगा। हम उन सभी युवाओं को यात्रा से जोड़ेंगे जो व्यापमं घोटाले के शिकार हैं या बेरोजगारी से परेशान हैं। आज महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। इसे हमें जन-जन तक लेकर जाना है।
अच्छा काम करने वाले होंगे पुरस्कृत- डा.विक्रांत भूरिया
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष डा.विक्रांत भूरिया ने कहा कि अच्छा काम करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। जो पदाधिकारी समय पर लक्ष्य की पूर्ति नहीं करेंगे, उनके बारे में संगठन विचार करेगा। संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी अखिलेश यादव ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में प्रभावशाली लोगों को चिह्नित करें। समस्याओं का पता लगाएंगे और संपर्क अभियान चलाएं। प्रत्येक विधानसभा के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा बूथ जोड़ो यूथ जोड़ो अभियान के आधार पर की जाएगी। कार्यक्रम में 107 विधानसभा के समन्वयकों ने हिस्सा लिया।
report
progress of india news