MP BJP List: आलीराजपुर विधानसभा सीट के लिए नागर सिंह चौहान पर भरोसा बरकरार, भाजपा की पहली सूची में नाम

आलीराजपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रदेश में विधानसभा चुनाव चंद माह दूर हैं, हालांकि सियासी पारा तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। इस बीच विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा ने पहली सूची जारी कर प्रदेश की 39 सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैं।
पिछली बार कांग्रेस के खाते में गई आलीराजपुर सीट पर भाजपा ने एक बार फिर नागरसिंह चौहान पर भरोसा जताया है।
उनके नाम की घोषणा होते ही यहां समर्थकों ने खुशी मनाई और जमकर आतिशबाजी की गई। भाजपा द्वारा उम्मीदवार तय किए जाने के बाद यहां अब लोगों की निगाह कांग्रेस की घोषणा पर लग गई है। आलीराजपुर विधानसभा सीट पर विधानसभा चुनाव 2003, 2008, 2013 में भाजपा को विजय मिली।
भाजपा के नागरसिंह चौहान लगातार यहां से चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे। हालांकि 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने यहां वापसी की। वर्तमान में कांग्रेस के मुकेश पटेल यहां से विधायक हैं।
यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहता आया है, हालांकि इस बार आम आदमी पार्टी और जय आदिवासी शक्ति ने भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी की है।
आप और जयस कितना जनसमर्थन हासिल कर सकेंगे यह तो समय ही बताएगा, हालांकि इनकी मौजूदगी का असर चुनाव परिणाम पर अवश्य पड़ सकता है। बहरहाल इस बीच फिलहाल मतदाता खामोश हैं।
विधानसभा क्षेत्र के ये हैं बड़े मुद्दे
जिले में रोजगार के लिए पलायन, अशिक्षा, बदतर चिकित्सा सुविधाएं, उच्च शिक्षा संस्थानों की कमी, उद्योगों का न होना सहित अन्य कई बड़े मुद्दे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि उम्मीदवार किन दावों और वादों को लेकर चुनाव में जनता के बीच जाते हैं। हालांकि यह तय है कि भाजपा जनता के बीच मुख्यतः प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही लोक लुभावन योजनाओं को लेकर ही जाने वाली है। पार्टी के नेता हर जगह शिवराज सरकार की योजनाओं को गिना रहे हैं। दूसरी ओर विपक्षी कांग्रेस के नेता कमल नाथ की 15 माह की सरकार को अच्छे दिनों की तरह पेश करने में जुटे हैं।
भाजपा प्रबंधन में जुटी, कांग्रेस भी बूथ पर ध्यान दे रही
भारतीय जनता पार्टी इस समय अपने बूथ स्तर तक के प्रबंधन में तेजी से जुटी है। सत्ता की भागीदारी से दूर संगठन से जुड़े नेताओं को इसके लिए दायित्व सौंपे गए हैं। कांग्रेस भी बूथ पर ध्यान दे रही है। हालांकि कांग्रेस चेहरों के भरोसे अधिक है, जबकि भाजपा अपनी संगठन की ताकत का अस्त्र लेकर आगे बढ़ रही है।
जहां पिछली बार कांग्रेस जीती, वहां रणनीति के तहत नाम तय किए
राजनीति के जानकारों का कहना है कि भाजपा ने एक रणनीति के तहत उन सीटों पर प्रत्याशी सामने किए हैं, जहां पिछली बार हार का सामना करना पड़ा था। इससे उम्मीदवार को अभी से तैयारी का मौका मिल जाएगा। अगर कोई अंतर्विरोध होगा तो पार्टी को क्षति को कम या समाप्त करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा। चौहान 2003 के चुनाव के बाद से ही यहां पार्टी का बड़ा चेहरा हैं। संगठन पर उनकी पकड़ भी जाहिर है। संभवतः यही कारण रहा कि पार्टी ने एक बार उन पर भरोसा जताया है।
आलीराजपुर
विधानसभा क्षेत्र- 191
मतदाता-261090
महिला-131379
पुरुष-129711
मतदान केंद्र-285
पिछला परिणाम
विजयी प्रत्याशी- मुकेश पटेल, कांग्रेस
चौहान पर भरोसा बरकरार, भाजपा की पहली सूची में नाम प्राप्त मत- 82017
निकटतम प्रतिद्वंद्वी- नागरसिंह चौहान, भाजपा
प्राप्त मत- 60655
अंतर- 21962