मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के लिए अनुराग जैन का नाम लगभग तय, सीएम के साथ हो चुकी हैं बैठकें

जैन मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में दो बार काम कर चुके हैं और वित्त प्रबंधन के अच्छे जानकार हैं। उन्होंने मुश्किल के वक्त में प्रदेश का खजाना संभाला है। उनसे वरिष्ठ 1988 बैच की आइएएस वीणा राणा हैं, जो वर्तमान में मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष हैं।
| Fri, 04 Nov 2022 02:00 AM (IST)

भोपाल(राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के अगले मुख्य सचिव के लिए 1989 बैच के आइएएस अधिकारी अनुराग जैन का नाम लगभग तय माना जा रहा है। जैन की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ दो बैठकें भी हो चुकी हैं और केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में उनके विकल्प के रूप में एक अधिकारी की नियुक्ति की जा रही है। जिससे जैन के मध्य प्रदेश लौटने की संभावनाएं बन रही हैं।
जैन मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में दो बार काम कर चुके हैं और वित्त प्रबंधन के अच्छे जानकार हैं। उन्होंने मुश्किल के वक्त में प्रदेश का खजाना संभाला है। उनसे वरिष्ठ 1988 बैच की आ इएएस वीणा राणा हैं, जो वर्तमान में मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष हैं। इसलिए जैन की पदस्थापना करते हुए सरकार को वरिष्ठ स्तर पर बड़ा फेरबदल भी नहीं करना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
जानकार बताते हैं कि जैन की मुख्यमंत्री से पहली मुलाकात दिल्ली में और दूसरी दीपावली के अवसर पर भोपाल में ही हुई है। माना जा रहा है कि इस दौरान मुख्य सचिव की पदस्थापना को लेकर चर्चा हुई है। इसके बाद केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने उनके विकल्प के रूप में अधिकारी तलाश लिया है। वे जल्द ही प्रदेश लौटकर मुख्य सचिव के प्रतिनिधि के रूप में काम संभाल लेंगे।
वैसे तो 1989 बैच के आइएएस और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान भी इस पद की दौड़ में शामिल हैं। वरिष्ठता में जैन के बाद उन्हीं का नंबर आता है पर जैन को वरिष्ठता के साथ वित्त प्रबंधन के अनुभव का लाभ मिलेगा। क्योंकि अगले साल प्रदेश में विधान सभा चुनाव हैं। ऐसे में राज्य सरकार कई घोषणाएं करेगी। इसके लिए राशि का प्रबंध करना होगा। इसके अलावा विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मैदानी जमावट नए मुख्य सचिव के हिसाब से ही जमाई जाएगी।
इनके मध्य प्रदेश लौटने की संभावना नहीं
प्रदेश के 1987 बैच के अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं अजय तिर्की और 1988 बैच के संजय बंदोपाध्याय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इनमें से किसी के भी मध्य प्रदेश लौटने की संभावना नहीं है। संजय कुमार सिंह इसी साल दिसंबर में सेवानिवृत्त हो रहे हैं, तो अजय तिर्की के सामने सवा साल है। वे दिसंबर 2023 में सेवानिवृत्त होंगे। संजय बंदोपाध्याय जरूर अगस्त 2024 तक रहेंगे।
report